उपासना मरांडी के प्रयास से सिलेमपुर में लगा नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों ने जताया आभार
New transformer installed in Silempur through the efforts of Upasana Marandi; villagers express gratitude.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के महेशपुर प्रखण्ड अन्तर्गत ग्राम सिलेमपुर के मुस्लिम टोला के पश्चिम भाग में लंबे समय से विद्युत संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। झामुमो की केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी के प्रयास से गांव में 25 केवीए क्षमता का नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। ट्रांसफार्मर लगने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पुराना ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण मुस्लिम टोला के दर्जनों परिवार कई दिनों से अंधेरे में रहने को विवश थे। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरेलू कार्य, विद्यार्थियों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था तथा छोटे-छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे थे। ग्रामीणों की इस समस्या की जानकारी झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक ने केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी को दूरभाष के माध्यम से दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप गांव में 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद ग्रामीणों ने उपासना मरांडी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सक्रिय रहती हैं और आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देती हैं। वहीं, झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक ने भी उपासना मरांडी एवं विद्युत विभाग का आभार जताते हुए कहा कि समय पर की गई पहल से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इसी तरह की सक्रिय पहल से क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान होगा।



