वार्ड 40 में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए नगर निगम ने चलाया फॉगिंग अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए विशेष फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 40 स्थित चौपाटी, बस स्टैंड, सब्जी मंडी एवं गल्ला मंडी क्षेत्र में फॉगिंग मशीन के माध्यम से कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया।
यह अभियान नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के मार्गदर्शन तथा स्वास्थ्य अधिकारी बाल गोविंद चतुर्वेदी के नेतृत्व में संचालित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छरों से फैलने वाले डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि फॉगिंग अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा तथा चिन्हित वार्डों की गलियों और मोहल्लों में नियमित रूप से फॉगिंग एवं कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जाएगा। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वच्छता बनाए रखते हुए डेंगू और मलेरिया से बचाव में सहयोग करें।



