सिंगरौली

शिक्षा और संस्कार पर अभिभावक-शिक्षकों ने किया मंथन

गुरु पूर्णिमा पखवाड़े में संगोष्ठी आयोजित, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर रहा फोकस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। शासकीय सांदीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चितरंगी में गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के तहत अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारयुक्त शिक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अभिभावकों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी मिश्रीलाल सिंह, विशिष्ट अतिथि विनोद विश्वकर्मा तथा उपस्थित अभिभावकों के स्वागत के साथ हुआ। अपने संबोधन में मिश्रीलाल सिंह ने कहा कि माता-पिता बच्चे के प्रथम गुरु होते हैं और गुरु विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन देकर उनके जीवन को सफल बनाते हैं।

विशिष्ट अतिथि विनोद विश्वकर्मा ने कहा कि गुरु विद्यार्थियों की कमियों को दूर कर उन्हें अनुशासन, ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से उत्कृष्ट व्यक्तित्व प्रदान करते हैं। विद्यालय के प्राचार्य अशोक सिंह ने कहा कि शिक्षक और शिष्य का संबंध विश्वास और समर्पण पर आधारित होता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास में विद्यालय का सहयोग करने की अपील की।
शिक्षक सत्यकाम तिवारी ने गुरु-शिष्य संबंधों की महत्ता पर प्रकाश डाला, जबकि अर्जुन सिंह ने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। अखिलेश कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा संचालन अश्वनी बैस ने किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button