
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व बुधवार को पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों, आश्रमों और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर लोगों ने अपने गुरुओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया और सुख-समृद्धि की कामना की।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शैक्षणिक संस्थानों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को याद किया। कई शालाओं में गुरु पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय में खंजनपुर स्थित धूनी वाले दादाजी की कुटी पर गुरु पूर्णिमा का विशेष आयोजन हुआ। यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर तक जारी रहा। भक्तों ने कुटी पहुंचकर दादाजी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। विशेष पूजन एवं आरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूजन और आरती के पश्चात भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, शहर के विभिन्न स्थानों पर भी सामाजिक और धार्मिक संगठनों तथा श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरण किया गया। कहीं टिक्कड़ -चटनी, तो कहीं बेसन पूरी, खिचड़ी और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की कतारें लगी रहीं और श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता की। गुरु पूर्णिमा को लेकर आम श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने-अपने गुरुओं और आराध्य के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए पूजा-अर्चना की। खंजनपुर स्थित दादाजी की कुटी में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूरे दिन यहां भक्तिमय वातावरण बना रहा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिलेभर में हुए आयोजनों ने गुरु-शिष्य परंपरा और सेवा, श्रद्धा एवं समर्पण की भावना को और मजबूत किया। धार्मिक आयोजनों के साथ हुए भंडारे और प्रसाद वितरण में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं।



