दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा अनावरण स्थल का विधायक हेमलाल मुर्मू ने लिया जायजा
MLA Hemlal Murmu inspected the site where the statue of Dishom Guru Shibu Soren is to be unveiled.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने गुरुवार को पाकुड़ जिले के पुराना डीसी चौक स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रस्तावित प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक हेमलाल मुर्मू ने बताया कि झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता, झामुमो के संस्थापक एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की लगभग 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा पुराना डीसी चौक पर स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 4 अगस्त को शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जायेगा। विधायक ने कहा कि स्वर्गीय शिबू सोरेन ने झारखंड और यहां के लोगों के हक एवं अधिकारों की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। राज्य के निर्माण और विकास में उनके योगदान को सदैव सम्मान और स्मरण के साथ याद किया जायेगा। मौके पर सांसद प्रतिनिधि एवं केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव, केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, अमड़ापाड़ा प्रखंड सचिव जहीरुद्दीन मियां, लिट्टीपाड़ा प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



