
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत गोड्डा समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सौरभ सुमन ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने JPSC, JSSC, CGL, उत्पाद सिपाही, JTET, शिक्षक बहाली समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की। राज्यपाल के नाम पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा गया। धरना को संबोधित करते हुए संथाल परगना प्रभारी रबींद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि राज्य में छात्र-युवा लगातार परेशान हैं और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं है। वहीं जिलाध्यक्ष सौरभ सुमन ने JPSC अध्यक्ष के इस्तीफे को केवल लीपापोती बताते हुए मामले की CBI जांच कराने की मांग की। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कहा कि जब तक पांच सूत्री मांगें पूरी नहीं होतीं और मुख्यमंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना में युवा मोर्चा के महामंत्री सूरज सिंह, नगर अध्यक्ष रोहित वर्मा, पंकज प्रियांशु, आशीष यादव, हर्षित यादव, अनिल साह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



