शामली
बाइक सवार कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : प्रेम-प्रसंग के चलते खेतों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने के लिए पास के गांव से मजदूरों को लेने जा रहे बाइक सवार कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
जनपद बागपत के गांव ककड़ीपुर निवासी बाइस वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी मोनू उर्फ गुल्लू उर्फ मोहना बाइक पर सवार होकर खेत में दवा का छिड़काव करने के लिए गांव नाला निवासी मज़दूर साथियों को लेने जा रहा था। गांव नाला निवासी प्रवेंद्र के खेत के पास उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पीड़ित पिता सुरेंद्र ने गांव ककड़ीपुर निवासी कार्तिक और ओमपाल, भारसी निवासी सत्यम और गांव नाला निवासी अर्जुन के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। घटना के राजफाश के लिए एसपी एनपी सिंह ने तीन टीमों को लगा दिया। पुलिस ने कुछ घंटों बाद ही घटना का राजफाश करते हुए ककड़ीपुर निवासी मुख्य आरोपित कार्तिक और ओमपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस फरार आरोपित सत्यम और अर्जुन की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। थाना प्रभारी बच्चू सिंह का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जायेगा।

