
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल गौरव पथ इन दिनों अपनी बदहाली के कारण चर्चा में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आमजन का आवागमन मुश्किल हो गया है। खासकर बरसात के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर कीचड़ फैल गया है, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे फाटक संख्या 92 से किरवारी फाटक के बीच गौरव पथ पर कई स्थानों पर लंबे और गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के पानी से ये गड्ढे पूरी तरह भर गए हैं, जिससे सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। वहीं रेलवे फाटक संख्या 92 से हनुमान मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर भी कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौरव पथ के निर्माण के बाद से सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। समय के साथ गड्ढों का आकार बढ़ता गया और अब बरसात के मौसम में समस्या और अधिक गंभीर हो गई है। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक झटकों और फिसलन का सामना कर रहे हैं, जबकि पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी रास्ता जोखिम भरा बन गया है।
लोगों का कहना है कि बारिश का दौर थमते ही नगर परिषद को प्राथमिकता के आधार पर इन गड्ढों की अस्थायी मरम्मत करानी चाहिए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इसके बाद सड़क का स्थायी मरम्मत कार्य भी शीघ्र कराया जाना आवश्यक है।
भाजपा नेता टिल्लू शर्मा ने कहा कि “गौरव पथ में अब गौरव नजर नहीं आता। सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है और जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे गंभीर स्थिति किरवारी फाटक के पास है, जहां भारी वाहनों के दबाव के कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं। प्रशासन को बिना देरी किए गड्ढों को भरवाकर सड़क की मरम्मत शुरू करानी चाहिए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।”
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि बरसात के बीच भी आवश्यक वैकल्पिक मरम्मत कार्य कराया जाए तथा मौसम अनुकूल होते ही गौरव पथ का स्थायी पुनर्निर्माण कराया जाए, जिससे भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


