खैरथल
त्योहारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त
किशनगढ़बास और कोटकासिम में 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। आगामी तीज एवं रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को किशनगढ़ एवं कोटकासिम कस्बे में सघन सैंपलिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेजे गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि किशनगढ़बास कस्बे में मेसर्स बाबा शुद्ध पवित्र भोजनालय से दही, मेसर्स श्री श्याम होटल एंड रेस्टोरेंट से पनीर तथा मेसर्स सैनी मिष्ठान भंडार से घेवर का नमूना लिया गया।
इसके बाद विभागीय टीम ने कोटकासिम कस्बे में कार्रवाई करते हुए मेसर्स मिश्रा स्वीट्स से मावा बर्फी, मेसर्स रोहित सैनी से पनीर तथा मेसर्स मोहन निखिल राठी से घेवर का नमूना संग्रहित किया। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (एफएसएसएआई) के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खाद्य व्यवसायी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिलेभर में सैंपलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही खाद्य व्यापारियों को खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने, स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अभियान के दौरान विभागीय टीम में महिपाल सिंह एवं सुभाष भी मौजूद रहे।



