खैरथल

उज्ज्वल बचपन अभियान : उपखंड अधिकारियों ने किया स्वास्थ्य जांच शिविरों का निरीक्षण

14 अगस्त तक मिशन मोड में होगी बच्चों की स्क्रीनिंग, कोई भी बच्चा न छूटे : जिला कलेक्टर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर के नवाचार “उज्ज्वल बचपन” अभियान के तहत मंगलवार को जिलेभर में संचालित स्वास्थ्य जांच एवं मेडिकल स्क्रीनिंग शिविरों का सभी उपखंड अधिकारियों ने निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार उपखंड अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में चल रही स्क्रीनिंग व्यवस्था का जायजा लिया तथा अभियान के सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा स्वास्थ्य जांच से वंचित नहीं रहे तथा प्रत्येक बच्चे की स्क्रीनिंग का विवरण निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाए, जिससे उनका डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार हो सके। जांच के दौरान जिन बच्चों में किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या चिन्हित हो, उन्हें आवश्यक उपचार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर द्वारा शुरू किए गए “उज्जवल बचपन” अभियान के तहत 3 अगस्त से 14 अगस्त तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त समन्वय से मिशन मोड में जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं मेडिकल स्क्रीनिंग की जा रही है।
अभियान के दौरान बच्चों की लंबाई, वजन, हीमोग्लोबिन, एमयूएसी (MUAC), नेत्र परीक्षण, त्वचा एवं कान परीक्षण, दंत परीक्षण, मुख स्वच्छता तथा दिव्यांगता सहित सात प्रमुख स्वास्थ्य मानकों पर जांच की जा रही है। स्वास्थ्य परीक्षण में चिन्हित बच्चों को आवश्यकता अनुसार पोषण सहायता, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर रोगों से ग्रसित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप जिला अस्पताल एवं जिला अस्पतालों में आयोजित रेफरल शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं आवश्यकता पड़ने पर आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क ऑपरेशन एवं उपचार भी सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत जिले के 768 राजकीय विद्यालयों के 42,760 विद्यार्थियों तथा 507 आंगनबाड़ी केंद्रों के 16,432 पंजीकृत बच्चों सहित कुल 59,192 बच्चों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मंगलवार को 78 कैंप लगाकर 3936 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई, जिन्में 312 बच्चों को इलाज हेतु चिन्हित किया गया। इसके लिए जिले में 114 स्क्रीनिंग टीमों का गठन किया गया है, जिनमें आयुर्वेद एवं एलोपैथिक विभाग के चिकित्सकों के साथ एएनएम, सीएचओ, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगिनी एवं शिक्षा विभाग के कार्मिक शामिल हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका प्रभावी उपचार सुनिश्चित करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं उज्जवल भविष्य प्रदान करना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button