नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में हुए चर्चित कबड्डी खिलाड़ी मोनू हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज मृतक के परिजन थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात कर शेष आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई। थाना क्षेत्र में कई दिन पूर्व गांव नाला के निकट ककड़ीपुर मार्ग स्थित रजवाहे के पास बागपत जनपद के गांव ककड़ीपुर निवासी 22 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी मोनू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया था। इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कार्तिक और देशपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि मोनू का अपनी ही गांव की एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। युवती के परिजनों ने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन संबंध समाप्त नहीं होने पर युवती के चचेरे भाई कार्तिक ने अपने साथियों गांव नाला निवासी अर्जुन, भारसी निवासी सत्यम तथा युवती के पिता देशपाल के साथ मिलकर कथित रूप से सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।मृतक के पिता सुरेंद्र ने बताया कि घटना के बाद दर्ज मुकदमे में दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, लेकिन अन्य नामजद आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने आशंका जताई कि फरार आरोपियों से परिवार को खतरा बना हुआ है। इसलिए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस जांच के दौरान एक अन्य युवक का नाम भी सामने आया है। परिजनों ने उस युवक का नाम भी मुकदमे में शामिल कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


