डायल-112 कार्यालय का एसपी ज्ञानंजय सिंह ने किया औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड । हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कोतवाली हापुड़ नगर परिसर स्थित बने डायल-112 के कार्यालय का आज औचक निरीक्षण किया । उन्होंने आपातकालीन पुलिस रिस्पांस, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने डायल-112 के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपातकालीन कॉल पर तत्काल पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए और शिकायत मिलने के बाद निर्धारित समय के भीतर पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर उचित कार्यवाही करे। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए तथा पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण , संचार व्यवस्था और क्विक रिस्पांस सिस्टम का भी अवलोकन किया। साथ ही निर्देश दिए कि डायल-112 सेवा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल-112 आम जनता और पुलिस के बीच सबसे महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा है। इसकी विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत और सुरक्षा मिल सके।



