कांवड़ शिविरों में पहुंचे एसपी एन.पी. सिंह, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह ने देर रात्रि थाना कैराना क्षेत्र के विभिन्न कांवड़ शिविरों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना शामली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
