गाजियाबाद

बम भोले की गूंज के साथ लोनी बॉर्डर पर उमड़ने लगा शिवभक्तों का सैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर मुरादनगर-लोनी बॉर्डर पाइपलाइन मार्ग से अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सावन की शिवरात्रि पर्व पर जलाभिषेक का समय नजदीक आने के साथ ही लोनी बॉर्डर क्षेत्र में कांवड़ियों का सैलाब दिखाई देने लगा है। बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शिवभक्त नाचते-गाते और भोले की भक्ति में डूबे हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या के चलते मुरादनगर से लोनी बॉर्डर तक का पाइपलाइन मार्ग पूरी तरह भगवामय नजर आने लगा है। सड़क पर जगह-जगह कांवड़ियों के जत्थे दिखाई दे रहे हैं। कोई पैदल चल रहा है तो कोई डीजे और भजनों की धुन पर झूमता हुआ आगे बढ़ रहा है। कांवड़ियों के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। मार्ग पर देशभक्ति के गीतों के साथ केसरिया रंग भी दिखाई दे रहा है।
हरिद्वार से शिवभक्त अपने साथ अलग-अलग आकार और डिजाइन की कांवड़ लेकर लौट रहे हैं। कई कांवड़ बेहद आकर्षक और मनमोहक हैं, जिन्हें देखने के लिए राहगीर और स्थानीय लोग कुछ देर के लिए रुक जाते हैं। कांवड़ियों के जत्थों में बड़ी और सजावटी कांवड़ विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
कांवड़ सेवा शिविरों में मिल रही सुविधाएं
कांवड़ यात्रा को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों की ओर से जगह-जगह कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कांवड़ियों के लिए विश्राम, पेयजल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। शिविरों में भोले बाबा के भजनों की गूंज सुनाई दे रही है। कुछ देर विश्राम करने के बाद कांवड़िए फिर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।
कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखकर लोनी बॉर्डर क्षेत्र का माहौल धर्मनगरी जैसा नजर आने लगा है। सड़क के दोनों ओर शिवभक्तों की आवाजाही और जगह-जगह लगे सेवा शिविरों के कारण पूरा क्षेत्र शिवमय दिखाई दे रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुस्तैद
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुलिस और यातायात पुलिस की टीमों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी कांवड़ियों की आवाजाही के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर बनाए हुए हैं।
किसी भी असामाजिक तत्व को आपराधिक वारदात को अंजाम देने से रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, वहीं ड्रोन कैमरों से भी कांवड़ यात्रा मार्ग और भीड़ पर नजर रखी जा रही है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
जलाभिषेक का पर्व नजदीक आने के साथ आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और कांवड़ियों की सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button