जामताड़ा
लगातार पांच छक्के जड़कर सिराज अंसारी ने दिलाई एजे 11 को रोमांचक जीत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह ग्राउंड में आयोजित हुसैन क्लब नावाडीह क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को एसएस 11 और एजे 11 के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर मुकाबले में एजे 11 की टीम ने अंतिम ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसएस 11 की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में आठ विकेट खोकर 98 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी एजे 11 की टीम ने शुरुआत से ही जीत के लिए प्रयास जारी रखा। मुकाबला अंतिम ओवर तक बेहद रोमांचक बना रहा।
एजे 11 को जीत के लिए अंतिम ओवर में 30 रन की आवश्यकता थी। क्रीज पर मौजूद सिराज अंसारी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार पांच छक्के जड़ दिए और अपनी टीम को रोमांचक जीत दिला दी। सिराज अंसारी के इस तूफानी प्रदर्शन से मैदान में मौजूद दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। उनकी शानदार बल्लेबाजी की सभी ने जमकर सराहना की।
फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग संख्या 5 के जिला परिषद उम्मीदवार प्रतिनिधि महेंद्र मंडल उपस्थित हुए। उन्होंने विजेता एजे 11 की टीम सहित उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर नावाडीह पंचायत के मुखिया गुल मोहम्मद, कैफ, शाकिर अंसारी, इब्राहिम अंसारी, पंचायत समिति सदस्य सहित दर्जनों ग्रामीण, क्रिकेट प्रेमी एवं हुसैन क्लब नावाडीह के सदस्य मौजूद थे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर आयोजकों एवं क्लब सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताया।



