हजारीबाग

उपायुक्त की अध्यक्षता में राजस्व एवं विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षात्मक बैठक।

लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं 15 अगस्त से पहले भूमि जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग़ उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में राजस्व विभाग,भू-अर्जन, एनटीपीसी, एनएच सहित विभिन्न परियोजनाओं एवं आधारभूत संरचनाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह, केरेडारी एवं चट्टी बरियातू कोल परियोजनाओं से संबंधित भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान, पंचायत भवन डिमोलिश की स्वीकृति, म्यूटेशन, जांच प्रतिवेदन एवं मेजरमेंट सहित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं एवं आधारभूत संरचनाओं से संबंधित भूमि जांच प्रतिवेदन, एफआरए, वंशावली, वैल्युएशन, स्कूल शिफ्टिंग तथा नर्सिंग कॉलेज निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर भूमि हस्तांतरण सहित अन्य समस्याओं को परियोजना प्रतिनिधियों द्वारा उपायुक्त के समक्ष रखा गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को 15 अगस्त से पूर्व क्षेत्र भ्रमण कर भूमि से संबंधित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
राजस्व विभाग के कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पीजी पोर्टल, भू-मापी, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, सो-मोटो म्यूटेशन, ई-रिवेन्यू कोर्ट, आरसीएमएस ऑनलाइन रिपोर्ट, ऑनलाइन लगान, परिशोधन पोर्टल सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों की प्रगति की जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को एलपीसी निर्गत करने में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अंचलाधिकारी को शीघ्र ही एलपीसी निर्गत करने के लिये नए एलपीसी फॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां स्पष्ट, तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रूप से दर्ज करेंगे। उपायुक्त ने सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराते  हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने म्यूटेशन एवं रिजेक्टेड मामलों की भी समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस बैठक में उपायुक्त हेमन्त सती के अलावा उप विकास आयुक्त रिया सिंह,अपर समाहर्ता महेंद्र छोटन उरांव, भू-अर्जन पदाधिकारी सह डीसीएलआर राजकिशोर प्रसाद, बरही एसडीओ जोहन टुडू, सभी अंचलाधिकारी, अंचल निरीक्षक, कर्मचारी, विभिन्न परियोजनाओं के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button