रांची

डीएपी और यूरिया की ऊंची कीमत वसूली का मामला, विधायक निसात आलम ने कृषि मंत्री से की शिकायत

Issue of charging high prices for DAP and Urea: MLA Nishat Alam complains to the Agriculture Minister.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। बरहरवा, कोटालपोखर और गुमानी के स्थानीय बाजारों में किसानों से डीएपी और यूरिया खाद सरकारी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचे जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात कर मामले की शिकायत की है। विधायक ने मंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित सरकारी दर के अनुसार डीएपी की कीमत 1,350 रुपये प्रति बोरा और यूरिया की कीमत 266.50 रुपये प्रति बोरा है। इसके बावजूद स्थानीय बाजारों में किसानों से डीएपी के लिए करीब 1,850 रुपये और यूरिया के लिए 350 रुपये प्रति बोरा तक वसूले जाने की शिकायत मिल रही है। विधायक निसात आलम ने कहा कि निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद खरीदने के कारण किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। किसानों की ओर से शिकायत मिलने के बाद उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से भी मामले को लेकर बातचीत की और इसके बाद कृषि मंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाना चाहिए और अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विधायक को आश्वस्त किया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी देकर समस्या का तत्काल समाधान कराया जायेगा। विधायक ने इस मामले में केवल खानापूर्ति के बजाय उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के माध्यम से खाद की अधिक कीमत वसूली के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाए और यदि किसी सिंडिकेट की संलिप्तता सामने आती है तो उसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button