शामली
डंपिंग ग्राउंड के बाहर सड़क पर पसरा कूड़ा, कीचड़ और दुर्गंध से लोग परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। क्षेत्र के गंगेरू मार्ग पर नगर पालिका परिषद द्वारा बनाया गया डंपिंग ग्राउंड आसपास के लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। डंपिंग ग्राउंड के बाहर सड़क किनारे कूड़े के अंबार के साथ कीचड़ फैला हुआ है, जिसके चलते राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका परिषद ने गंगेरू मार्ग पर डंपिंग ग्राउंड का निर्माण इस उद्देश्य से कराया था कि नगर से निकलने वाले कूड़े का उचित निस्तारण किया जा सके और लोगों को गंदगी से निजात मिल सके। लेकिन आरोप है कि डंपिंग ग्राउंड के बाहर भी कूड़ा डाल दिया जाता है, जिससे आसपास गंदगी का माहौल बना रहता है।
गंगेरू मार्ग निवासी मोहम्मद कैफ, वसीम, दानिश, रितेश, राजीव और राजेश आदि का कहना है कि नगर पालिका के कर्मचारी डंपिंग ग्राउंड के बाहर भी कूड़ा डालकर चले जाते हैं। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कूड़े के कारण सड़क पर फैली कीचड़ से आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।नगर के लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों से डंपिंग ग्राउंड के बाहर पड़े कूड़े को हटवाने, सड़क की सफाई कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
नगर पालिका परिषद के स्वास्थ्य लिपिक अमरीश कुमार ने बताया कि शिकायत मिली थी। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर कूड़ा हटवा दिया गया है और उसका निस्तारण करा दिया गया है।


