गोड्डा
महागामा में जगह-जगह हुआ झंडोत्तोलन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महागामा अनुमंडल मुख्यालय सहित पूरे क्षेत्र में सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों, मदरसों, निजी प्रतिष्ठानों तथा विभिन्न कार्यालयों में हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण किया गया। चारों ओर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और देशभक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा। अनुमंडल कार्यालय एवं अनुमंडल आवासीय कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी ने झंडोत्तोलन किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय एवं आवासीय कार्यालय में एसडीपीओ वरुण रजक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रखंड कार्यालय में प्रमुख अफसाना बानो, हनवारा थाना परिसर में थाना प्रभारी विकास कुमार तथा मिल्लत कॉलेज में प्राचार्य डॉ. तुषार कांत ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा अस्पताल, भाजपा, कांग्रेस, जदयू एवं झामुमो कार्यालय सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायत भवनों में संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा तिरंगा फहराया गया। स्वतंत्रता दिवस को लेकर विभिन्न विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सुन्दरचक स्थित सनराइज पब्लिक स्कूल में स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक झांकी निकाली गई, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। वहीं कई सरकारी एवं निजी विद्यालयों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर देशभक्ति गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।



