
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति की अध्यक्षता में जामताड़ा जिले में ‘पठन अभियान 2026’ के तहत ‘प्लेज रीडिंग टाइम—मेरे शब्द, मेरी कहानी’ अभियान की शुरुआत की गई है।
इसी बाबत करमाटांड़ प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय जगन्नाथपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित सदस्यों ने प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट पढ़ने की प्रतिज्ञा ली। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नियमित रूप से पढ़ेंगे तथा अपने परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर बच्चों को बताया गया कि किताबें नई दुनिया और नए विचारों से परिचित कराने का माध्यम हैं। नियमित पठन से बच्चों की भाषा, शब्दावली, समझ एवं रचनात्मक सोच का विकास होता है। अभियान का उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करना और बच्चों में पुस्तक पढ़ने के प्रति रुचि पैदा करना है।
विदित हो कि एफएलएन एसपीएमयू एवं रूम टू रीड के जिला समन्वयक आशीष कुमार सिंह द्वारा जिले में संकुल स्तरीय बैठक आयोजित कर पठन अभियान से संबंधित जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया था। इसके बाद जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति ने जिले के सभी विद्यालयों में पठन अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया है। हम पढ़ेंगे, पढ़ने का आनंद लेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे”— इसी संदेश के साथ विद्यालय में पठन अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक विद्या सागर, सहायक अध्यापक शंकर पंडित, ख्रीस्टीना हेम्ब्रम, मोहन कुमार पंडित एवं मोतीलाल पंडित सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



