खैरथल

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आमजन से जुड़े आधारभूत कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत किए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी पौधों की जियो-टैगिंग कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि विभागों द्वारा निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जिन विभागों के वृक्षारोपण लक्ष्य अभी पूर्ण नहीं हुए हैं, उन्हें निर्धारित लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पालनहार योजना की समीक्षा करते हुए निजी विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं के अध्ययनरत प्रमाण-पत्र जारी करवाकर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही, सांसद कार्यालय से प्राप्त परिवादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
30 दिन से अधिक लंबित परिवादों की होगी नियमित समीक्षा
जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से लंबित शिकायतों की संख्या में कमी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 30 दिन से अधिक समय से लंबित प्रत्येक परिवाद की संबंधित अधिकारी को प्रत्येक शनिवार जिला सचिवालय में उपस्थित होकर जवाबदेही प्रस्तुत करनी होगी। इस दौरान सभी लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी कारण से कोई परिवाद 30 दिन से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। विशेष रूप से पब्लिक सर्विस से संबंधित शिकायतों का गंभीरता से एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मनीष कुमार जाटव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग रूप सिंह गुर्जर, कोषाधिकारी गोपालकालरा, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग महेंद्र कुमार, सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग अजीत बालयांण, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button