खैरथल
भिवाड़ी मे ‘पैड यात्रा’ और पीरियड फेस्ट ने तोड़ी सदियों पुरानी खामोशी
महावारी स्वास्थ एवं स्वच्छता पर किया जागरूक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल : सदियों से चले आ रहे सामाजिक संकोच और भ्रातियों को पीछे छोड़ते हुए, खैरथल में माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर एक अनूठा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सच्ची सहेली’संस्था द्वारा ‘प्रोजेक्ट तरंग’के अंतर्गत, एनपीसीआई (NPCI) के सहयोग तथा खैरथल-तिजारा जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में ‘पीरियड फेस्ट एवं पैड यात्रा’का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सरकारी एवं निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
यह जागरूकता यात्रा भिवाड़ी के भगवान परशुराम चौक से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई भिवाड़ी स्टेडियम में संपन्न हुई। हाथों में पैड के आकार की तख्तियां लिए विद्यार्थियों ने माहवारी से जुडी भ्रांतियों और उनके वैज्ञानिक तथ्यों को लोगों तक पहुँचाया, और “हम बोलेंगे, मुँह खोलेंगे, तभी ज़माना बदलेगा जैसे नारों के साथ माहवारी पर खुलकर बात करने का संदेश दिया।
पदयात्रा के बाद भिवाड़ी स्टेडियम में ‘पीरियड फेस्ट’ आयोजित किया गया, जहाँ खेल, पहेलियों और सहभागी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की जानकारी दी गई। ‘विश ट्री’ पर बच्चों ने माहवारी से जुड़े अपने सवाल, अनुभव और विचार साझा किए, जबकि सेल्फी पॉइंट्स और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और रोचक बना दिया।
भिवाड़ी की अतिरिक्त जिला कलेक्टर (ADM) श्रीमती सुमित्रा मिश्र विशिष्ट अतिथि रहीं और उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर लाल गुब्बारे उड़ाकर माहवारी को लेकर चुप्पी तोड़ने और इस विषय पर खुलकर बात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम श्रीमती सुमित्रा मिश्रा ने कहा, “आज हमने उस सच के बारे में जाना, जिसे हम सदियों से गलत सुनते और मानते आ रहे थे। “उन्होंने माहवारी पर खुलकर बात होते देखने की खुशी जताई और ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि लड़कियों को सही समय पर सही जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में खैरथल-तिजारा के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) श्री रमेश कुमार मेघ ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और जागरूकता फैलाने में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की। मेडिकल ऑफिसर श्री सागर अरोड़ा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
‘सच्ची सहेली’ की संस्थापिका एवं अध्यक्ष डॉ. सुरभि सिंह ने कहा, “माहवारी एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है और इसे उसी तरह देखने की जरूरत है। एक स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में मैं चाहती हूं कि बच्चों को समय रहते सही जानकारी मिले, ताकि जिन चुनौतियों का सामना मैंने अपने बचपन में किया, आज के बच्चों को उनसे न गुजरना पड़े। “उन्होंने कार्यक्रम में जनसैलाब को देखकर संतोष जताते हुए कहा कि यह पहल केवल एक दिन के आयोजन
तक सीमित नहीं रहेगी- ‘प्रोजेक्ट तरंग’के तहत संस्था के मेंटर्स आगे भी स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं के साथ माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर जागरूकता सत्र आयोजित करते रहेंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रोजेक्ट तरंग की फील्ड कोऑर्डिनेटर टीना शर्मा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तैयारियों से लेकर समन्वय तक हर स्तर पर नेतृत्व किया ।
‘पैड यात्रा’ और ‘पीरियड फेस्ट’ने यह संदेश दिया कि माहवारी शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है। सही जानकारी और खुला संवाद ही इससे जुड़ी भ्रातियों और वर्षों पुरानी चुप्पी को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
