कानपुर
मुस्कान फाउंडेशन परिवार द्वारा हरियाली तीज श्रंगार उत्सव 2026 का आयोजन हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : मुस्कान फाउंडेशन परिवार द्वारा हरियाली तीज के पावन अवसर पर “हरियाली तीज श्रंगार उत्सव 2026” का भव्य आयोजन गुरुवार को गोल्ड स्टोन होटल गीतानगर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि नीलमा कटियार विधायक गोविंदपुरी के कर-कमलों से हुआ। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति,परंपरा और नारी शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान शिव एवं माता पार्वती पर आधारित नटराज टीम की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण सावन की उमंग और हरियाली तीज के उल्लास से सराबोर हो गया। कार्यक्रम की एंकरिंग कोमल गुनानी एवं नीलम सिंह द्वारा बेहद खूबसूरत एवं मनोरंजक अंदाज में की गई, जिसने पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग बनाए रखी। हरियाली तीज के अवसर पर विभिन्न प्रकार की मनोरंजक एवं आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें हरियाली तीज क्वीन,डांस, सावन की कजरी एवं लोकगीत सिंगिंग,मेहंदी,बैंगल्स तथा बेस्ट हेयर स्टाइल जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया, खूब आनंद लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए ढेरों पुरस्कार अपने नाम किए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वादिष्ट व्यंजनों का भी सभी ने भरपूर आनंद लिया। मुस्कान फाउंडेशन की अध्यक्ष पूजा गुप्ता ने सभी को हरियाली तीज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम हैं। महिलाओं को ऐसे पर्वों को मिल-जुलकर खुशी और उत्साह के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुस्कान फाउंडेशन परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से सेवा समर्पण संस्कार के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कहा कि त्योहार केवल उत्सव नहीं,बल्कि समाज को जोड़ने,संस्कृति को सहेजने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी हैं। वही तीज क्वीन पहली प्रिया सिंह, दूसरी मंजू जैन,तीसरी सुनीति पाण्डेय रही। इस कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक नेहा कटियार,नीलम वाधवा,डॉ. मंजू जैन,गोपाल तुलस्यान,अनिल जैन,प्रवीण बिश्नोई,राजेश गुप्ता,एडवोकेट आशीष गुप्ता सहित संस्था की पदाधिकारी अंजु अग्रवाल,नीलम सिंह,यामिनी बाजपेयी,नीतू गुप्ता,सुमन यादव,मनीषा सिंह एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



