
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। महागामा प्रखंड में शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत एवं बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह के प्रयास से करीब 3.33 करोड़ रुपये की लागत से 24 नए कक्षा-कक्षों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इस योजना से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वीकृत योजना के तहत प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल महागामा में 5 कक्षा-कक्ष, यूपीजी गवर्नमेंट हाई स्कूल समरी में 8 कक्षा-कक्ष तथा यूपीजी गवर्नमेंट हाई स्कूल अंजना में 11 कक्षा-कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। तीनों स्कूल में कुल 24 नए कमरों के निर्माण से विद्यालयों में कक्षाओं की कमी दूर होगी और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।विद्यालयों में आधारभूत संरचना का विस्तार होने से शिक्षकों को भी पठन-पाठन कराने में सुविधा मिलेगी। वहीं, छात्र-छात्राओं को बेहतर वातावरण मिलने से उनकी पढ़ाई और सीखने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। खासकर जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण कमरों की कमी महसूस होती थी, वहां इस निर्माण कार्य से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर इस स्वीकृति को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीण एवं सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में अहम कदम है। 3.33 करोड़ की यह योजना महागामा क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देने के साथ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने में सहायक होगी।


