शामली

वर्षों से अधूरी पानी की टंकी, जलपूर्ति का इंतजार कर रहे ग्रामीण

सींगरा में शोपीस बनी पानी की टंकी, जाट फार्म मजरे तक पाइपलाइन भी अधूरी; निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
  चौसाना।  ऊन ब्लॉक की ग्राम पंचायत सींगरा में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई पानी की टंकी वर्षों बाद भी ग्रामीणों की प्यास नहीं बुझा पा रही है। निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद टंकी से जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है। वहीं सींगरा से जाट फार्म मजरे तक पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन भी अब तक नहीं बिछाई गई है। ऐसे में ग्रामीणों ने योजना के निर्माण और उसकी गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की टंकी का निर्माण कार्य कई वर्षों से चल रहा है, लेकिन अभी तक यह धरातल पर पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी है। निर्माण के कुछ ही दिनों बाद टंकी में इस्तेमाल की गई सरिया बाहर दिखाई देने लगी, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मानकों के अनुरूप निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्राम प्रधान रामवीर तोमर के अनुसार, टंकी का निर्माण कार्य करीब चार-पांच साल से जारी है। विभाग की ओर से अक्टूबर-नवंबर 2026 तक घर-घर पानी की आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य बताया गया है। लेकिन अभी तक चार गांवों का सर्वे भी पूरा नहीं हुआ है और टंकी का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। ऐसे में निर्धारित समय तक जलपूर्ति शुरू होना चुनौती बना हुआ है।
ग्रामीण अश्वनी शर्मा ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर सींगरा से जाट फार्म मजरे तक पाइपलाइन बिछाने, अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने और टंकी से जल्द जलपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब टंकी वर्षों बाद भी पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई और पाइपलाइन का काम अधूरा है, तो निर्धारित समय में घर-घर पानी पहुंचाने का दावा कैसे पूरा होगा। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य में मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button