
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। कलेक्ट्रेट गेट पर आत्मदाह का प्रयास कर रहे दंपति नरेश पाल और उसकी पत्नी गुड्डी निवासी चंदपुर बिचपुरी को सुरक्षाकर्मियों ने बचा लिया।
दंपति मुख्यमंत्री के फोटो वाले बैनर पर अमर्यादित भाषा लिखकर धरने पर बैठने का प्रयास कर रहा था। रोकने पर दोनों ने थैले से ज्वलनशील पदार्थ के दो केन निकालकर खुद पर डालने की कोशिश की। मौके पर तैनात उपनिरीक्षक अभिसूचना ओमपाल सिंह, मुख्य आरक्षी अभिसूचना अमित सिंह और होमगार्ड संदीप सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उनका प्रयास विफल कर दिया और कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।
जांच में पता चला कि भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और नरेश पाल का कोई वैध एग्रीमेंट नहीं है, वह केवल गवाह है। मुख्यमंत्री के प्रति अमर्यादित भाषा पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नाराजगी जताते हुए दंपति के खिलाफ FIR के निर्देश दिए हैं।
साहसिक कार्य के लिए 8 सुरक्षाकर्मियों को 2500-2500 रुपये देकर सम्मानित किया गया।



