सिंगरौली

सिंगरौली में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

कहीं सुरक्षा गार्ड तो कहीं स्वीपर लगा रहा इंजेक्शन

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वीपर के इंजेक्शन लगाने का वीडियो वायरल, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तैयारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के इलाज को लेकर लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले चितरंगी में सुरक्षा गार्ड द्वारा मरीजों को इंजेक्शन लगाने का मामला सामने आया था, वहीं अब निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अस्पताल का स्वीपर मरीजों को इंजेक्शन लगाते हुए दिखाई दे रहा है।बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो मध्यप्रदेश के आदिवासी अंचल निवास स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। वीडियो में अस्पताल में पदस्थ स्वीपर रामलखन साकेत महिला और पुरुष मरीजों को इंजेक्शन लगाते हुए नजर आ रहा है। जबकि अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ नर्स की तैनाती होने के बावजूद स्वीपर से यह कार्य कराया जाना मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारियों द्वारा मामले में डॉक्टर और स्टाफ नर्स को शोकाज नोटिस जारी करने की बात कही जा रही है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास में पदस्थ डॉक्टर केशव सिंह की 10 दिन की वेतन कटौती की कार्रवाई की तैयारी भी बताई जा रही है।
यह पहला मामला नहीं है जब सिंगरौली जिले में इस तरह की लापरवाही सामने आई है। इससे पहले चितरंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षा गार्ड द्वारा मरीजों को इंजेक्शन लगाने का वीडियो वायरल हुआ था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोगों का कहना है कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति सुधारने के लिए केवल कार्रवाई की बात नहीं, बल्कि नियमित निगरानी और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करना जरूरी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button