बेतुल
बैतूल 22 राज्यों के 6 हजार छात्रों के बीच मैथ्स की जंग लड़ेंगे बैतूल के 17 नन्हें गणितज्ञ
5 सितंबर को मुंबई में यूसीमास अबेकस की नेशनल प्रतियोगिता, 200 सवाल हल करने का मिलेगा लक्ष्य

इंदौर स्टेट लेवल प्रतियोगिता में जीतकर पहुंचे बैतूल-सारनी के 17 चयनित प्रतिभागी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। यूसीमास इंडिया की नेशनल लेवल अबेकस प्रतियोगिता 5 सितंबर 2026 को सिडको एग्जीबिशन सेंटर, वाशी, नवी मुंबई में आयोजित होगी। इसमें देश के 22 राज्यों से 5 से 13 वर्ष आयु वर्ग के यूसीमास में अध्ययनरत करीब 6 हजार छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के विजेताओं का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह 6 सितंबर को इसी स्थल पर आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में विजुअल मैथ्स के तहत प्रतिभागियों को अंकगणित के 200 सवाल लिखित रूप से हल करने होंगे। इनमें जोड़, घटाव, गुणा और भाग के सवाल शामिल होंगे। प्रश्नपत्र विद्यार्थियों की आयु और टर्म के अनुसार अलग-अलग रहेगा। प्रतियोगिता का परिणाम उसी रात पालकों के मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा। विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और गिफ्ट पार्टनर संस्थानों की ओर से पुरस्कार दिए जाएंगे।
यूसीमास मध्यप्रदेश टीम में बैतूल एवं सारनी की ग्रो-वेल अबेकस एकेडमी के इंदौर में आयोजित स्टेट लेवल प्रतियोगिता के विजेता 17 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। इनमें हर्ष लोखण्डे, माहिरा फातेमा, आरवी सेलुकर, सानवी मांडवे, मानवी लिखितकर, गर्वप्रीत वर्मा, आरव देशमुख, अम्बर वैद्य, रचित नागले, गीत सलूजा, योजित मालवीय, आराध्या पाठेकर, अरहम चौहान, वेदांशी साहू, अवनी वैद्य, कनिष्क राऊत और अनन्या डिगरसे शामिल हैं।
कार्यक्रम में ग्लोबल यूसीमास के फाउंडर एवं संस्थापक प्रोफेसर डॉ. डिनों वांग मलेशिया, यूसीमास इंडिया के सीईओ डॉ. स्नेहल कारिया, यूसीमास मध्यप्रदेश इंदौर से नीरज गोयल, अमृता गोयल सहित सभी 22 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यूसीमास बैतूल की डायरेक्टर संध्या महाले, राजू महाले, यूसीमास मुलताई से प्रबल वर्मा तथा विद्यार्थियों के माता-पिता भी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए मौजूद रहेंगे।
बैतूल के सभी चयनित विद्यार्थी 3 सितंबर को इटारसी से नवी मुंबई के लिए रवाना होंगे। प्रतियोगियों की तैयारी और प्रैक्टिस में शामिल रहीं कोर्स इंस्ट्रक्टर संध्या महाले ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की है।




