सिंगरौली

महान नदी के पुल में दिखी दरार, भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ी चिंता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश के बीच देवसर-अतरवा मार्ग पर महान नदी में बने पुल में दरार आने की जानकारी सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। पुल की सड़क पर दरार दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सुरक्षा और आवागमन को लेकर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बीते दिनों से जारी तेज बारिश के कारण महान नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ा हुआ है। इसी बीच पुल से भारी वाहनों की आवाजाही भी जारी है। ग्रामीणों का मानना है कि तेज जलप्रवाह के साथ भारी वाहनों के लगातार गुजरने से पुल पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिसके चलते सड़क के हिस्से में दरार दिखाई दे रही है।

तकनीकी जांच की मांग
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुल का तत्काल स्थल निरीक्षण और तकनीकी जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि पुल की मौजूदा स्थिति की समय रहते जांच नहीं की गई तो लगातार बारिश और बढ़ते जलप्रवाह के कारण क्षति और बढ़ सकती है।ग्रामीणों ने सुरक्षा की दृष्टि से पुल की क्षमता और वर्तमान स्थिति का परीक्षण कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की मांग भी उठाई है।

बारिश में बढ़ रही पुल-पुलियों की चिंता
लगातार बारिश के कारण देवसर क्षेत्र में कई सड़कों और पुल-पुलियों पर जलभराव तथा क्षति की स्थिति सामने आ रही है। ऐसे में महान नदी के पुल में दरार की सूचना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
हालांकि पुल को कितनी क्षति हुई है और दरार का वास्तविक कारण क्या है, यह तकनीकी निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से बिना देरी किए पुल की जांच कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान किसी संभावित दुर्घटना या आवागमन बाधित होने की स्थिति से बचा जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button