नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्रता से अधिक गेहूं प्राप्त करने के उद्देश्य से जिले के 09 बीपीएल, स्टेट बीपीएल एवं एपीएल परिवारों द्वारा कथित रूप से फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने का मामला सामने आया है।
जिला रसद अधिकारी के अनुसार जांच के दौरान किशनगढ़बास के 04, मुण्डावर एवं तिजारा के 02-02 तथा कोटकासिम के 01 राशन कार्ड को जांच के दायरे में लिया गया। खाद्य विभाग द्वारा इन राशन कार्डों एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित परिवारों द्वारा अंत्योदय श्रेणी में चयनित होने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आवेदन के साथ संलग्न नहीं किया गया था।
विभागीय निर्देशों की पालना में इन परिवारों का गेहूं वितरण फिलहाल बंद कर दिया गया है तथा संबंधित परिवारों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि संबंधित परिवारों को नोटिस प्राप्त होने के सात दिवस के भीतर जिला रसद कार्यालय में उपस्थित होकर अंत्योदय श्रेणी में चयन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित परिवारों से वितरित गेहूं की राशि की वसूली की जाएगी।


