साहेबगंज
राजमहल में दिनदहाड़े ठगी,पाउडर सुंघाकर तीन लाख के जेवरात और बर्तन लेकर फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले के राजमहल शहर के नीलकोठी वार्ड नंबर 2 में ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।बर्तन बदलने के बहाने आई एक महिला घर की महिला को पाउडर सुंघाकर बेहोश कर करीब तीन लाख के जेवर और कांसे के बर्तन लेकर फरार हो गई।पीड़ित मुकेश कुमार घोष के परिवार ने बताया कि गुरुवार दोपहर एक अज्ञात महिला पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देने का झांसा देकर घर में घुसी,उसने घर की महिलाओं को बातों में उलझाया और इसी दौरान हाथ में रखा पाउडरनुमा पदार्थ छिड़क दिया,जिससे महिला अर्धचेतन हो गई।इसी का फायदा उठाकर आरोपी महिला घर में रखे करीब3लाख के सोने के जेवरात और कांसे के कीमती बर्तन लेकर भाग गई,होश आने पर परिवार को चोरी का पता चला।बताया जा रहा है कि इसी महिला ने पास के एक अन्य घर को भी निशाना बनाया और वहां से सोने की कान की बाली और चांदी की पायल चोरी कर ली,घटना के बाद मोहल्ले में दहशत है।सूचना पर राजमहल थाना प्रभारी हसन अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किए।फुटेज में एक महिला सामान लेकर भागती दिख रही है,पुलिस उसकी पहचान में जुटी है।



