बालाघाट

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालाघाट में आज दिनांक 4 सितंबर 2026 को ब्रह्मांड के नायक एवं पालनकर्ता भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण एवं भगवान श्रीकृष्ण की आरती के साथ किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पलों की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। विद्यालय के नन्हे-नन्हे भैया-बहनों ने बाल कृष्ण, राधा एवं कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में अपनी शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस पावन अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पदमेश शाह (प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय, बालाघाट) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता किरणभाई त्रिवेदी (अध्यक्ष, हॉकी संघ एवं समाजसेवी, बालाघाट) ने की। विशिष्ट अतिथियों में शरद ज्योतिषी (पूर्व छात्र एवं प्राचार्य, उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट), वरिष्ठ मार्गदर्शक रमेश रंगलानी जी (पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष), क्षिप्रा पांडे (समाजसेवी), संजय पटले प्रांतीय सदस्य, जसबीर सिंह सौंधी पूर्व प्राध्यापक एवं खेल शिक्षक, के. जी. बिसेन सेवानिवृत्त शिक्षक तथा राकेश पांडे पूर्व छात्र उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय समिति के अध्यक्ष समीर जायसवाल , समिति के सचिव प्रदीप गुप्ता , सह-सचिव अशोक बिसेन , कोषाध्यक्ष अर्चना गुप्ता दीदी , समिति सदस्य गौरी लिल्हारे , दिनेश असाटी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा सभी मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वही जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य एवं कृष्ण-लीला आधारित प्रस्तुतियाँ दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में ललित विश्वकर्मा द्वारा अपनी कला का शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रकृति के प्रति सचेत एवं जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पदमेश शाह ने अपने उद्बोधन में कहा कि जन्माष्टमी के पावन पर्व पर इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर उन्हें अत्यंत आनंद एवं सुखद अनुभूति हुई। उन्होंने विद्यालय के स्कूली कार्यक्रम में छात्र छात्राओं को शुभकामनाएँ दीं तथा सुंदर सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियाँ तैयार करने के लिए शिक्षको को भी बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। वरिष्ठ मार्गदर्शक रमेश रंगलानी ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। वही कार्यक्रम अध्यक्ष किरणभाई त्रिवेदी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों एवं आचार्य परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं आशीर्वाद प्रदान किया। जिसके बाद कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रांगण में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कृष्ण भजनों एवं जय श्रीकृष्ण, आला रे आला, गोविंदा आला के जयघोष के बीच विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक मटकी फोड़कर जन्माष्टमी उत्सव को और भी रोमांचक बना दिया। प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी प्रतिभागी भैया-बहनों को विद्यालय परिवार की ओर से आकर्षक उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश रहांगडाले जी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यालय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, अभिभावकगण तथा गणमान्य नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति, उत्साह एवं उल्लास से परिपूर्ण रहा और जय श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ जन्माष्टमी पर्व का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button