
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महगामा। प्रखंड क्षेत्र के बकनपुर, मोहनी स्थित गणिनाथ मंदिर में गणिनाथ जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। हलवाई सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित जयंती समारोह में करीब 5 हजार श्रद्धालु पहुंचे और बाबा गणिनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7 बजे पूजा-अर्चना के साथ हुआ। जयंती को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। वही, रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात तक मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। बताया गया कि गणिनाथ मंदिर की स्थापना वर्ष 2019 में हुई थी और तब से प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को गणिनाथ जयंती का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जयंती समारोह में शामिल हुए। हलवाई सेवा ट्रस्ट के सभी सदस्यों के सहयोग से पूरे कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



