बालाघाट

प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बोदल-बेहरा में ग्रामीणों से किया संवाद

शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा; विद्यांजली कार्यक्रम से सजी प्राथमिक शाला का किया अवलोकन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
  बालाघाट : मध्यप्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 7 सितंबर को बालाघाट प्रवास के दौरान परसवाड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कावेली के जनजातीय बहुल ग्राम बोदल-बेहरा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
विद्यांजली कार्यक्रम के तहत विद्यालय का अवलोकन
            प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने ग्राम बोदल-बेहरा में विद्यांजली कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला के भवन के सुदृढ़ीकरण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने जनसहयोग से बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई सामग्री एवं विद्यालय में की गई व्यवस्थाओं को भी देखा। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। बच्चों द्वारा दिए गए जवाबों से प्रसन्न होकर उन्होंने उनकी सराहना की।
विद्यांजली कार्यक्रम के माध्यम से प्राथमिक शाला को बेहतर स्वरूप प्रदान करने तथा बच्चों के लिए बैंच-डेस्क सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों एवं समाजसेवियों का प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सम्मान किया। उन्होंने दानदाताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनसहयोग से विद्यालयों में सुविधाएं बेहतर हो रही हैं और बच्चों को पढ़ाई के लिए अच्छा वातावरण मिल रहा है। ऐसे प्रयास समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा देते हैं।
आवास एवं विकास कार्यों की ली जानकारी
ग्रामीणों से संवाद के दौरान सरपंच एवं सचिव ने बताया कि ग्राम पंचायत कावेली में 284 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें अधिकांश आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कुछ का कार्य प्रगतिरत है।
पंचायत के पास विकास कार्यों के लिए उपलब्ध 9 लाख रुपये की राशि के उपयोग के संबंध में भी प्रभारी मंत्री ने जानकारी ली। सरपंच ने बताया कि इस राशि से गांव में सीसी रोड एवं नाली निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।
जलाशय निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने क्षेत्र में जलाशय निर्माण की आवश्यकता भी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी। इस पर सरपंच ने जानकारी दी कि ग्राम कोडका में जलाशय निर्माण के लिए शासकीय भूमि उपलब्ध है। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जीरामजी योजना से जलाशय निर्माण की दिशा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मोबाइल नेटवर्क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा
ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से भी प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नेटवर्क की समस्या को दूर करने के लिए शासन गंभीरता से प्रयास कर रहा है तथा ग्रामीणों को शीघ्र बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
        प्रभारी मंत्री ने क्षेत्र में एम्बुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया। साथ ही बच्चों की पढ़ाई के लिए बालक छात्रावास का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही।
बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें, उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करें और बीमारी की स्थिति में समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराएं।
उन्होंने कहा कि वे इस क्षेत्र में आकर बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता एवं रमणीय वातावरण की भी सराहना की।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य  मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनुपमा नेताम, कलेक्टर  कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, वनमंडलाधिकारी नित्यानंदम एल, एसडीएम  श्रीश प्यासी, जनपद सीईओ  डीआर उइके, समाजसेवी रामेश्वर कटरे, ग्राम पंचायत कावेली की सरपंच श्रीमती रेखा टेकाम, ग्राम पंचायत के पंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button