
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली । सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) की दिल्ली स्टेट ऑर्गेनाइजिंग कमेटी ने दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में छात्र-छात्राओं के रहने वाली बहुमंजिला पीजी/हॉस्टल इमारत गिरने की घटना को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर हाई लेवल जांच की मांग की है।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि 6 सितंबर को हुई इस दुखद घटना में कथित तौर पर छह छात्रों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। संगठन ने इसे महज हादसा मानने के बजाय भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, निर्माण कार्यों में लापरवाही और प्रशासनिक जिम्मेदारी से जुड़े गंभीर सवालों का मामला बताया।
SUCI (कम्युनिस्ट) ने घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध हाई लेवल जांच, दोषियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा मृतकों के परिवारों को सम्मानजनक आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च दिल्ली सरकार द्वारा उठाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में दिल्ली के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और प्रमुख छात्र क्षेत्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में सरकारी हॉस्टल खोलने तथा पीजी, हॉस्टल और छात्रों के आवासों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग भी की गई है। संगठन ने जांच रिपोर्ट और घटना के बाद की गई कार्रवाई को सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी जनता को मिल सके।
SUCI (कम्युनिस्ट) के दिल्ली स्टेट ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के सचिव प्राण शर्मा ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सरकार को ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाने चाहिए। संगठन ने मृत छात्रों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।



