श्रीकृष्ण छठी पर धूमधाम से निकली भव्य पालकी यात्रा
जयकारों से गूंजा कांधला, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली कांधला। श्रीकृष्ण छठी के पावन अवसर पर नगर में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य पालकी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। पालकी यात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी यात्रा का स्वागत किया और प्रसाद वितरित किया।
यात्रा के शुभारंभ से पूर्व रोहित गुप्ता द्वारा भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद आकर्षक रूप से सजी पालकी में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को विराजमान कर यात्रा प्रारंभ की गई। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक भजनों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।
नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली पालकी यात्रा के दौरान “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण की पालकी पर पुष्पवर्षा कर आस्था प्रकट की।
पालकी यात्रा में सचिन शर्मा, अशोक माहेश्वरी, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, अखिल माहेश्वरी, प्रदीप सिंघल, लोकेश गोयल, सचिन गोयल एवं ओम सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद एवं जलपान की व्यवस्था की गई। धार्मिक उल्लास के बीच निकली पालकी यात्रा ने नगर में भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दिया।



