दिल्ली

दक्षिण दिल्ली में इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण बेड़े की शुरुआत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली : रेनवियन सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी विशेष प्रयोजन कंपनी साउथ दिल्ली एमएसडब्ल्यू सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के दक्षिण क्षेत्र में एकीकृत ठोस कचरा संग्रहण एवं परिवहन संचालन शुरू किया है। करीब 190 वर्ग किलोमीटर में फैले दक्षिण क्षेत्र के सभी 23 वार्ड इस परियोजना के दायरे में हैं।

परियोजना के तहत प्रतिदिन करीब 1,400 टन कचरे के प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। इसमें घर-घर कचरा संग्रहण के अलावा सड़क सफाई, नालों से निकलने वाली गाद, बागवानी कचरा और सैनिटरी कचरे सहित घरेलू खतरनाक कचरे का प्रबंधन भी शामिल है। इसके लिए 550 इलेक्ट्रिक चार पहिया और 226 इलेक्ट्रिक तीन पहिया वाहन तैनात किए गए हैं।

कंपनी के अनुसार, यह दिल्ली में बड़े स्तर पर शुरू की गई पहली शून्य-उत्सर्जन प्राथमिक और द्वितीयक कचरा संग्रहण व्यवस्था है। वाहनों और कंटेनरों की निगरानी जीपीएस, आरएफआईडी, जियोफेंसिंग और अन्य डिजिटल तकनीकों के जरिए की जाएगी। सेकेंडरी कलेक्शन नेटवर्क के लिए 60 फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन भी बनाए गए हैं।

परियोजना से दक्षिण क्षेत्र में 2,000 से अधिक प्रत्यक्ष एवं समर्पित रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि 176 नए वाहनों को व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने ग्रीन पार्क, ग्रेटर कैलाश, वसंत विहार, वसंत कुंज और चित्तरंजन पार्क को प्राथमिकता वाले वार्डों के रूप में चिन्हित करते हुए स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि परियोजना की सफलता के लिए स्रोत पर कचरे का पृथक्करण बेहद जरूरी है। नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छता व्यवस्था में स्थायी सुधार लाया जा सकता है।

रेनवियन सॉल्यूशंस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ईशान अल्ला ने कहा कि एकीकृत और तकनीक आधारित व्यवस्था के साथ बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक बेड़े की तैनाती से दक्षिण दिल्ली में अधिक स्वच्छ और कुशल कचरा प्रबंधन प्रणाली विकसित करने में मदद मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button