भाजपा के एक गुट ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न
भाजपा नामित सभासद पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी पर हुई गुंडा एक्ट की कार्रवाई पर खुशियां मनाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
औरंगाबाद बुलंदशहर में जहांगीराबाद चौराहे के निकट भाजपाइयों के एक गुट ने आतिशबाजी कर पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा के नामित सभासद पर पुलिस द्वारा की गई गुंडा एक्ट की कार्रवाई पर आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं की आपसी कलह खुलकर सामने आ गई है।
सत्तारूढ़ भाजपा पार्टी के कार्यकर्ताओं में गुटबाजी चरम पर है। भाजपा में सब अपनी डफ़ली अपना राग का सुर आलाप रहे हैं। सांसद, विधायक,जिलाध्यक्ष, यहां तक कि मंडल अध्यक्ष गुट भी एक दूसरे को नीचा दिखाने और टांगें खींचने में पूरी शिद्दत से जुटे नज़र आते हैं।
पुलिस द्वारा भाजपा नेता पूर्व चेयरमैन एवं वर्तमान नगर पंचायत में सरकार द्वारा नामित सभासद राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी तथा उनके भाई सतीश लोधी के विरुद्ध छः सितंबर को गुंडा एक्ट के अंतर्गत की गई कार्रवाई के बाद जहां एक ओर राजू लोधी समर्थकों में आक्रोश एवं मायूसी छाई हुई है वहीं दूसरी ओर भाजपा के एक गुट ने आतिशबाजी कर जोरदार जश्न मनाया। पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी ने विधानसभा चुनावों में पार्टी का टिकट मांगा और उसके लिए प्रयास रत थे। उनके इस कदम को एक खेमा खतरे की घंटी मान रहा था। राजू लोधी ने खुलकर कहा कि उनके द्वारा भाजपा नेतृत्व से विधानसभा चुनावों में टिकट मांगाना कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा था। तभी से वे उन्हें नीचा दिखाने का अवसर तलाश रहे थे। उनकी छवि धूमिल करने और उनके खिलाफ षड्यंत्र रचकर ही उसके खिलाफ पुलिस द्वारा गुंडा एक्ट की कार्रवाई कराई गई है। हाल ही में उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा नगर पंचायत औरंगाबाद का नामित सभासद मनोनीत किया गया था। उसके बाद उनकी लोकप्रियता में और अधिक इजाफा हुआ जिसके चलते उनके विरोधियों में खलबली मची हुई थी।



