
गौसेवा आयोग अध्यक्ष ने गौ आधारित खेती और हरिशंकरी पौधरोपण को लेकर की बैठक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में गौ आधारित खेती एवं गौ उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हरिशंकरी वृक्षारोपण को व्यापक अभियान के रूप में संचालित किया जाएगा। राज्य गौसेवा आयोग अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनपद के प्रत्येक राजस्व ग्राम और नगरीय क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में हरिशंकरी पौधरोपण कराने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने की। बैठक में गौसेवा आयोग अध्यक्ष ने शासन की नीति के अनुरूप जनभागीदारी से हरिशंकरी पौधरोपण अभियान संचालित किए जाने पर जोर दिया। तय किया गया कि जिले के 415 राजस्व ग्रामों तथा नगरीय क्षेत्र के सभी 58 वार्डों में एक-एक हरिशंकरी पौधा लगाया जाएगा। पौधरोपण का कार्यक्रम एक ही तिथि पर समारोहपूर्वक आयोजित किए जाने की तैयारी है। अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 15 सितंबर को शाम चार बजे विकास भवन में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी ब्लॉक प्रमुख, स्थानीय निकायों के अधिशासी अधिकारी, एनआरएलएम अधिकारी, विकास विभाग से जुड़े अधिकारी, डीएफओ, बीएसए, डीसी मनरेगा, पशु चिकित्साधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी सहित समाजसेवी, व्यापार मंडल, स्वयंसेवी संस्थाओं और पर्यावरण क्षेत्र से जुड़े लोगों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में यह तय किया जाएगा कि आगामी सप्ताह में जनभागीदारी के माध्यम से जिलेभर में हरिशंकरी पौधरोपण अभियान किस प्रकार संचालित किया जाए। वन विभाग को समय से पौध उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। अध्यक्ष ने बताया कि हरिशंकरी पौध में पाकर, पीपल और बरगद के पौधों का विधि-विधान से एक ही गड्ढे में रोपण किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं में इन्हें ब्रह्मा, विष्णु और महेश का प्रतीक माना जाता है। अभियान के दौरान पौधों के रोपण के साथ आगामी चार वर्षों तक उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरिशंकरी वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रशासन के साथ जनसमुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकृति आधारित जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि जिले में हरिशंकरी वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा होगी और पौधों के संरक्षण की सामुदायिक जिम्मेदारी भी मजबूत होगी। बैठक में पाकर, पीपल और बरगद से निर्मित हरिशंकरी वृक्ष पर्यावरण की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी माने जाते हैं। ये वायुमंडल को शुद्ध करने, तापमान को नियंत्रित करने, भूमिगत जल संरक्षण, छाया उपलब्ध कराने तथा पक्षियों एवं पशुओं को आश्रय और आहार उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं। इनके माध्यम से जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलता है। बैठक में सीडीओ शेषनाथ चौहान, डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य, एडीएम न्यायिक अशोक कुमार यादव, डीडीओ अतिरंजन सिंह, सीवीओ डा.भगवान सिंह, उपायुक्त मनरेगा आरके यादव, डीआईओ, डीएम के एसडीओ अनिल दीक्षित, बीडीओ मड़ावरा नरेश कुमार रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा लखनऊ से लोक भारती के गोपाल मोहन उपाध्याय, झांसी से आचार्य अवनीश, रविकान्त दुबे, नितिन चौरसिया, इंजी. हाकिम सिंह, पर्यटन पुरुष रवीन्द्र दिवाकर, प्राकृतिक किसान निशान्त तिवारी, डीएस विवेक, व्यापार मंडल अध्यक्ष सानू बाबा, गौसेवक रामकुमार पटेल, समाजसेवी बृजेश गुप्ता सहित अनेक लोगों ने बैठक में भाग लेकर अभियान को सफल बनाने के संबंध में अपने सुझाव दिए।



