हापुड़

मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा, रेस्टोरेंट की किचन से लेकर बाजार तक होगी जांच

डीएम कविता मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक, खाद्य पदार्थों के नमूने लेने और मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़। जिले में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार पर अब प्रशासन और सख्ती करने की तैयारी में है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना की अध्यक्षता में मिलावटी एवं नकली खाद्य पदार्थों और औषधियों के निर्माण, बिक्री, भंडारण व परिवहन पर रोकथाम के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आमजन की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और रखरखाव में साफ-सफाई के मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के संबंध में उचित जानकारी उपलब्ध कराने और कैंप लगाकर जागरूकता फैलाने को कहा गया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण और खाद्य पदार्थों की शुद्धता के प्रति जागरूक किया जाए। वहीं, जो खाद्य कारोबारी खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के अनुरूप अपने कारोबार का संचालन नहीं करते हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने विशेष रूप से दूध, पनीर, खोया, रेस्टोरेंट में तैयार खाद्य पदार्थ, ऑर्गेनिक खाद्य पदार्थों के नाम पर बेचे जा रहे सामान, अंडे, खाद्य तेल, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री के नमूने लेने और जांच कराने पर जोर दिया। इसके साथ ही रेस्टोरेंट की किचन की भी विशेष जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ साफ-सफाई की स्थिति भी सामने आ सके।
बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग, औषधि निरीक्षक, बाट-माप निरीक्षक, आबकारी विभाग सहित संबंधित अधिकारियों और व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों को त्योहारों के मद्देनजर लगातार निगरानी रखते हुए मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button