बरेली

मशाल प्रज्वलित कर देव मूर्ति ने किया जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट का शुभारंभ

कहा — खेलों से होता है व्यक्तित्व का विकास

खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर ली सलामी, खेल भावना की शपथ के साथ 9 कॉलेजों की टीमें मैदान में उतरीं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। श्रीराम मूर्ति स्मारक कालेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस सीईटी) में डॉ. अब्दुल कलाम जोनल स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-2027 का रंगारंग शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक व चेयरमैन देव मूर्ति जी ने ध्वजारोहण के बाद गुब्बारे उड़ाकर बुलंदियों को छूने का संदेश दिया। इसके बाद खिलाड़ी ऋतिका झा, ओम अग्रवाल, नवप्रीत कौर और देवांश पंत द्वारा लाई गई मशाल से उन्होंने ज्योति प्रज्वलित की और फेस्ट के आरंभ की घोषणा की। मशाल की लौ के साथ ही विभिन्न कॉलेजों की टीमों ने मार्च पास्ट कर सलामी ली और नमन ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
देव मूर्ति ने खिलाड़ियों को मानसिक और शारीरिक मजबूती का संदेश दिया और कहा कि खेलों से ही टीम भावना, सहयोग, सामंजस्य और सहभागिता विकसित होती है, जो जीवन को बेहतर बनाती है। उन्होंने कहा कि खेल में एक पक्ष हारता है, दूसरा जीतता है, इसलिए हार-जीत को खेल भावना से स्वीकार कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने चिंता जताई कि डॉ. अब्दुल कलाम टेक्निकल विवि में 200 से ज्यादा कॉलेज हैं, फिर भी जोनल फेस्ट में बरेली-मुरादाबाद मंडल के सिर्फ 9 कॉलेजों की टीमें पहुंचीं, यह अफसोसजनक है। ज्यादा टीमें आतीं तो मुकाबला और कड़ा होता और खिलाड़ियों को सीखने का मौका मिलता। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता ने एकेटीयू को आयोजन की जिम्मेदारी देने पर धन्यवाद दिया और कहा कि खेल हार-जीत को एक जैसा लेने का कॉन्फिडेंस, साहस और कैरेक्टर निर्माण करते हैं, इसलिए हर विद्यार्थी को कोई न कोई खेल अपनाना चाहिए
फेस्ट में एसआरएमएस सीईटी, एसआरएमएस सीईटीआर, राजश्री इंस्टीट्यूट, आरबीएमआई, श्री सिद्धि विनायक इंस्टीट्यूट, एमआईटी मुरादाबाद, एमईटी फैकल्टी ऑफ फार्मेसी मुरादाबाद, कोठीवाल इंस्टीट्यूट मुरादाबाद और शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी बदायूं की टीमें शामिल हुईं। इस मौके पर ट्रस्ट सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति, एडवाइजर इंजीनियर सुभाष मेहरा, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. एमएस बुटोला, वाइस प्रिंसिपल रितु सिंह, डीन शैलेंद्र सक्सेना, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. अमित शर्मा, कोऑर्डिनेटर डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. पुष्पेंद्र यादव, डॉ. नितिन सक्सेना, शंकर पाल गंगवार मौजूद रहे। संचालन आद्या राज और यशराज डोगरा ने किया। पहले दिन एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, कबड्डी, खो-खो, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल समेत कई स्पर्धाओं के क्वालीफाइंग, क्वार्टर व सेमीफाइनल हुए। शनिवार को फाइनल, रिजल्ट और पुरस्कार वितरण होगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button