शामली

कांधला में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालक घायल

भभीसा में राशन डीलर के खिलाफ जांच करने पहुंची टीम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कांधला। क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग मामले सामने आए। रेलवे मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दोनों चालक घायल हो गए, जबकि गांव भभीसा में राशन वितरण को लेकर राशन डीलर के खिलाफ शिकायत पर पांच सदस्यीय जांच टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए।

रेलवे मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत, दोनों चालक घायल

कांधला के छोटी और बड़ी नहर के बीच रेलवे मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, नाला गांव निवासी शुभम बाइक से कांधला से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से दोनों चालक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

राशन डीलर के खिलाफ शिकायत पर भभीसा पहुंची पांच सदस्यीय टीम

क्षेत्र के गांव भभीसा में राशन वितरण को लेकर राशन डीलर विनीता के खिलाफ ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार को पांच सदस्यीय जांच टीम गांव पहुंची। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। आदेश के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने पांच सदस्यीय टीम गठित की। इसमें नायब तहसीलदार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, आपूर्ति निरीक्षक कांधला सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने गांव के सचिवालय में ग्रामीणों और राशन कार्ड धारकों के बयान दर्ज किए तथा शिकायतों के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दौरान ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह, चौधरी सचिन ज्वाला, महिपाल, ममता, सोहनवीरी, रामकिशन समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button