ललितपुर

घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले चार अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

बार पुलिस ने दबोचे मध्य प्रदेश के चार युवक, तीन तमंचे, चार कारतूस और 12 बोर की अदिया बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के ग्राम गढ़िया में घर पर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध देशी तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस 315 बोर, एक अवैध अदिया 12 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी मध्य प्रदेश के दतिया और शिवपुरी जनपद के रहने वाले हैं। 12 सितंबर 2026 को ग्राम गढ़िया निवासी तोरन सिंह पुत्र नन्हेलाल यादव, उम्र करीब 54 वर्ष ने थाना बार में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात लोगों ने उनके घर पर फायरिंग की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना बार पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी तालबेहट के नेतृत्व में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने घटनास्थल एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की जांच में चार आरोपियों के नाम प्रकाश में आए, जिन्हें मंगलवार 15 सितंबर 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यशप्रताप परमार पुत्र रक्षपाल सिंह परमार, निवासी ग्राम चिराई, थाना जिगना, जिला दतिया, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 19 वर्ष; शिवम रावत पुत्र गजेन्द्र रावत, निवासी ग्राम सड़, थाना करैरा, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 19 वर्ष; अजमेर रावत उर्फ नन्ना पुत्र जयहिन्द रावत, निवासी ग्राम सड़, थाना करैरा, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 20 वर्ष तथा सुरेन्द्र रावत पुत्र रामकिशन रावत, निवासी ग्राम सड़, थाना करैरा, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी यशप्रताप परमार के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुए। सुरेन्द्र रावत के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर मिला। शिवम रावत के कब्जे से भी एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया। वहीं अजमेर रावत उर्फ नन्ना के कब्जे से एक अवैध अदिया 12 बोर और एक जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद हुआ। इस प्रकार पुलिस ने कुल तीन अवैध देशी तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस 315 बोर, एक अवैध अदिया 12 बोर और एक जिंदा कारतूस 12 बोर बरामद किया। थाना बार में इस मामले में मु0अ0सं0 221/2026 के तहत धारा 3(5), 109, 125, 324(4), 351(3) बीएनएस तथा धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीब कुमार बाजपेई के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह तथा क्षेत्राधिकारी तालबेहट आशीष कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में थाना बार पुलिस द्वारा की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कांस्टेबल पुष्पेन्द्र भदौरिया, कांस्टेबल नन्दलाल, कांस्टेबल आलोक कुमार और कांस्टेबल सूरज कुमार, थाना बार, जनपद ललितपुर शामिल रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button