ललितपुर
रवि चंदेल बने चंदेल समाज के नए जिलाध्यक्ष
अमझरा सरकार चंदेल आश्रम में हुई बैठक में नई जिला कार्यकारिणी का गठन

पांच अक्टूबर को भव्य तरीके से मनाई जाएगी महारानी दुर्गावती चंदेल जयंती
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अमझरा सरकार स्थित चंदेल आश्रम में चंदेल समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकता, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक उत्थान एवं संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही आगामी 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाली महारानी दुर्गावती चंदेल जयंती को भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाने की रूपरेखा भी तैयार की गई। बैठक के दौरान पुरानी जिला कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने पर उसे सर्वसम्मति से भंग कर नवीन जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मड़ावरा निवासी रवि चंदेल को जनपद ललितपुर का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके जिलाध्यक्ष चुने जाने पर समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रवि चंदेल ने समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने समाज को एकजुट करने, प्रत्येक परिवार तक संगठन की पहुंच बनाने तथा बच्चों एवं युवाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से संगठन की मजबूती के लिए सहयोग की अपील की। बैठक में घोषित नवीन जिला कार्यकारिणी में जिलाध्यक्ष रवि चंदेल, महासचिव शंकर चंदेल, जिला उपाध्यक्ष सुखलाल चकोरा एवं कंछेदी लाल, सचिव राजेश कुमार चंदेल, कोषाध्यक्ष मानसिंह चंदेल, मंत्री प्रभु दयाल चंदेल, संरक्षक समिति प्रीतम सिंह, बंट एवं शंकर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में आगामी 5 अक्टूबर को महारानी दुर्गावती चंदेल जयंती के आयोजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। समाजजनों ने जयंती समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण एवं सामाजिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन बनाने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में समाज की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक का सफल संचालन शंकर सिंह कैथोरा ने किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों समाजजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन की मजबूती और समाज के उत्थान को लेकर अपने विचार रखे। इस दौरान युवा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह एवं उनकी युवा टीम ने नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में युवा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी समाजजनों एवं वरिष्ठों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद बैठक के समापन की घोषणा की गई। बैठक में समाज के लोगों ने नवीन कार्यकारिणी से उम्मीद जताई कि नई टीम के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी और समाज के सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक विकास को नई दिशा मिलेगी।



