कानपुर
रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज में गणेश चतुर्थी पर हुआ गणपति पूजन
गणपति बप्पा मोरया से गूंज उठा विद्यालय

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज बिठूर में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर श्रद्धा एवं उल्लास के साथ भगवान श्री गणेश का पूजन-अर्चन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की विधिवत पूजा एवं आरती से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना सिंह एवं अमित कुशवाहा ने पूजन एवं आरती कर सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने “गणपति बप्पा मोरया” की भक्तिमय प्रस्तुति पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मिट्टी से भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमाएं भी तैयार कीं, जिसके माध्यम से उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पूजन के उपरांत सभी विद्यार्थियों को भगवान गणेश का प्रसाद वितरित किया गया। विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण एवं “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम का आयोजन वाणी मिश्रा, नीतू, सोनी, ममता, प्रेरणा, प्रज्ञा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के सामूहिक सहयोग से किया गया। विद्यालय के चेयरमैन रोहित मिश्रा ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता,संस्कार और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का विकास करते हैं।



