
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। राजेंद्रनगर के गणेश महोत्सव-2026 में तीसरे दिन वृंदावन से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य और फूलों की होली से धूम मचा दी। जगमग लेजर लाइटों के बीच महाआरती की गई।
कार्यक्रम संयोजक अभय भटनागर के अनुसार 19वें वर्ष में आयोजित सात दिवसीय विशाल गणपति महोत्सव (राजेंद्रनगर के राजा) के तीसरे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कलाकारों ने माता काली के तीन स्वरूपों की झांकी का सुंदर मंचन किया। इसके बाद वृंदावन के कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण के साथ फूलों की होली खेली गई और मयूर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि आरएसएस के महानगर प्रचारक धर्मेंद्र प्रेमी ने कलाकारों को पुरस्कार वितरित किए। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि राजेंद्रनगर के राजा का कार्यक्रम अब बरेली की पहचान बन चुका है। देर रात तक शील चौराहा खचाखच भरा रहा और भक्त गणपति बप्पा के जयकारे लगाते रहे।




