मालगोदाम रोड पर नवनिर्मित एटीवीएम का हुआ शुभारम्भ, रेल यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
Newly installed ATVM inaugurated on Malgodam Road; rail passengers to benefit significantly.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लंबे इंतजार के बाद रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे हावड़ा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राहुल रंजन के निर्देशानुसार मालगोदाम रोड स्थित रेलवे परिसर में नवनिर्मित ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) का विधिवत शुभारंभ किया गया। एटीवीएम का उद्घाटन स्टेशन प्रबंधक, पूर्व रेलवे पाकुड़ लखीराम हेम्ब्रम एवं वार्ड पार्षद निभा देवी ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन के बाद एटीवीएम से पहला टिकट अफजल शेख ने पाकुड़ से राजग्राम की यात्रा के लिए प्राप्त किया। इस अवसर पर वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल, मुख्य टिकट निरीक्षक अखिलेश कुमार चौबे, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरसंचार), पाकुड़ संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार, संतोष ठाकुर एवं दयाशंकर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में रेल यात्री एवं आमजन उपस्थित रहे। स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेम्ब्रम ने कहा कि स्टेशन के पूर्वी हिस्से में रहने वाले आम नागरिकों एवं रेल यात्रियों की ओर से लंबे समय से इस क्षेत्र में टिकट सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। यात्रियों की सुविधा और उनकी मांग को देखते हुए रेलवे द्वारा मालगोदाम रोड पर एटीवीएम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से यात्रियों को मुख्य टिकट काउंटर तक जाने और लंबी कतार में खड़े होने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलेगी। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक टिकट सेवा उपलब्ध कराना है। वार्ड पार्षद निभा देवी ने कहा कि मालगोदाम रोड क्षेत्र में एटीवीएम की सुविधा शुरू होना लंबे समय से चली आ रही रेल यात्रियों की मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ पाकुड़ नगर परिषद के करीब नौ वार्डों तथा आसपास की लगभग 20 पंचायतों के सैकड़ों लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब यात्रियों को टिकट लेने के लिए प्लेटफॉर्म पार कर मुख्य टिकट काउंटर तक जाने और लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। वे मालगोदाम रोड स्थित एटीवीएम के माध्यम से आसानी से अपना रेल टिकट प्राप्त कर सकेंगे। निभा देवी ने कहा कि यात्री सुविधा एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस मांग को लगातार रेलवे के समक्ष रखा गया था। उन्होंने एटीवीएम की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व रेलवे हावड़ा एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व रेलवे हावड़ा के प्रति नगर परिषद क्षेत्र के आम नागरिकों एवं रेल यात्रियों की ओर से आभार व्यक्त किया। इस मौके पर ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाबी राय, सचिव राणा शुक्ला, मुरारी मंडल, आदित्य सिंह, संजय कुमार राय, सोमनाथ मंडल, मिथिलेश मंडल, सुशील साहा एवं अनिकेत गोस्वामी सहित अन्य लोग मौजूद थे।



