खैरथल

पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप, जिला कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

खैरथल-तिजारा। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा ने जिला अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित निर्वाचित पार्षदों तथा उनके परिजनों पर कथित पुलिस-प्रशासनिक दबाव और उत्पीड़न के मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव के बाद राजनीतिक दबाव बनाने के उद्देश्य से पार्षदों एवं उनके परिवारों को विभिन्न सरकारी एजेंसियों के माध्यम से परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
जिला अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता द्वारा चुने गए पार्षदों को स्वतंत्र रूप से अपने क्षेत्र और निकाय के विकास के लिए कार्य करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद यदि किसी निर्वाचित प्रतिनिधि या उसके परिजन पर किसी प्रकार का दबाव बनाया जाता है तो इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता प्रभावित होती है।
यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार निकायों में अपने सभापति बनाने की राजनीतिक कोशिश में प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन, इनकम टैक्स, सेल्स टैक्स सहित विभिन्न सरकारी एजेंसियों के माध्यम से दबाव बनाए जाने की शिकायतें सामने आना गंभीर विषय है। हालांकि उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध कोई वास्तविक शिकायत या कानूनी मामला है तो नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन राजनीतिक दबाव के आधार पर किसी को निशाना बनाया जाना उचित नहीं है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि निर्वाचित पार्षदों को बिना भय और दबाव के अपने लोकतांत्रिक दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिलना चाहिए। ज्ञापन में कांग्रेस ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने, किसी भी प्रकार की राजनीतिक सिफारिश या दबाव में कार्रवाई नहीं करने तथा पार्षदों और उनके परिजनों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किए जाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने जिला पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायतों की जांच कराने और यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा नियमों से हटकर दबाव बनाने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
 इस दौरान भिवाड़ी कॉंग्रेस अध्यक्ष गौरव भरद्वाज तिजारा उपप्रधान दयाराम चावड़ा इस्माइल खान निकाय प्रकोष्ठ अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर nsui जिला अध्यक्ष देवेंद्र विधुडी उस्मान खान खुरसीद आसिफ़ लम्बडदार जयपाल यादव मजीद हनुमान कॉंग्रेस पूर्व जिला सचिव दोलत नागर बख्शानंद भारती प्रकाश दायमा शकील बघोर डेविड मर्दाने सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button