पूर्व मंत्री विमला प्रधान को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
Chief Minister Hemant Soren paid tribute to former Minister Vimla Pradhan.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड की पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री विमला प्रधान के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को उनके लोअर करमटोली, रोड नंबर-2 स्थित आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विमला प्रधान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मरांग बुरु से प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सार्वजनिक जीवन में उनका योगदान और जनता के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विमला प्रधान ने सिमडेगा सहित पूरे झारखंड के विकास में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई। हेमंत सोरेन ने कहा कि उनका निधन झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने विमला प्रधान को समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों के कल्याण के लिए सक्रिय रहने वाली कर्मठ जनप्रतिनिधि के रूप में याद किया। विमला प्रधान सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2009 और 2014 में भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने वर्ष 2009 से 2019 तक विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। विधायक रहते हुए उन्होंने झारखंड सरकार में पर्यटन, समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी भी संभाली थी। विमला प्रधान का शुक्रवार रात रांची के एक निजी अस्पताल में निधन हुआ। वह 69 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। उनके निधन से सिमडेगा सहित झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।



