चौकीदारों को बांधकर बंधक बनाते हुए वारदात को दिया अंजाम, खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़/धौलाना। थाना धौलाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने करणपुर रोड स्थित प्रेम गैस एजेंसी को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया है। दिनांक 19 सितंबर की देर रात छह अज्ञात बदमाश गैस एजेंसी की छत के रास्ते गैस एजेंसी परिसर में दाखिल हुए और वहां दो चौकीदारों को बांधकर उन्हें बंधक बना लिया जिसके बाद एजेंसी के अंदर तलाशी लेने लगे । तलाशी के दौरान बदमाशों ने एजेंसी में सारे सामान और जरूरी कागजातों को उथलपुथल कर दिया । जब बदमाशों को कोई नकदी अथवा अन्य कीमती सामान नहीं मिला तो उन्होंने वहां मौजूद दोनों चौकीदारों को पीटते हुए धमकाया और सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
प्रेम गैस एजेंसी के मालिक हेमंत गर्ग के अनुसार, बीती रात्रि गैस एजेंसी में छह अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते एजेंसी में अंदर घुसे थे उन्होंने वहां तैनात दोनों चौकीदारों को पीटते हुए उन्हें बांधकर बंधक बना लिया और एजेंसी परिसर में मौजूद सामान और स्थानों को खंगालने लगे। हालांकि, उन्हें कोई नकदी या अन्य कीमती वस्तु हाथ नहीं लगी। बदमाशों ने सुरक्षा में तैनात दोनों चौकीदारों को पीटा , धमकाया और एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर अपने साथ ले गए हैं ।
घटना की जानकारी मिलते ही धौलाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अवनीश शर्मा और सी ओ पिलखुवा मुनेश चंद्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू की है । पुलिस ने एजेंसी संचालक की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना धौलाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। वारदात के जल्द खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तीन अलग-अलग टीमों का गठन भी किया गया है । पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि डीवीआर लेकर फरार हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
क्षेत्राधिकारी पिलखुवा मुनेश चंद्रा ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वारदात के अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों को लगाया गया है। बदमाश सीसीटीवी कैमरे की डीवीआरले गए हैं । पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।



